चम्पावत 30 नवम्बर 2025
*महिला एवं बाल विकास को नई दिशा: चम्पावत में खुलेंगे 24 नए आंगनबाड़ी केंद्र, दूरस्थ ग्रामों में पहुँचेगी सशक्त सेवाएँ*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में कुल 24 नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना को स्वीकृति दी गई है। यह कदम राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रतीक है, जिसके अंतर्गत पर्वतीय, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाओं की मजबूत पहुँच सुनिश्चित की जानी है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद स्तर पर आंगनबाड़ी सेवाओं का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक, सुसज्जित और संरचनात्मक रूप से मजबूत आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण स्तर की सर्वाधिक महत्वपूर्ण संस्थाएँ हैं, जहाँ मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण संवर्धन, और बाल विकास कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सबसे प्रभावी रूप से किया जाता है। नया विस्तार ग्रामीण परिवारों को बुनियादी सेवाओं के और करीब लाएगा।
खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी ने विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं संचालन से न केवल महिलाओं और बच्चों को मूलभूत सेवाएँ मिलेंगी, बल्कि ग्रामीण समाज में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ के दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और छोटे बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना अत्यंत आवश्यक है। इन नए केंद्रों से यह सुविधा और अधिक सरल, सुगम तथा व्यवस्थित हो जाएगी।
*इन स्थानों पर खुलेंगे 24 नए आंगनबाड़ी केंद्र*
धौनरोत, बैला मिनी, खुनाडी, उदाली, बयाला, कठोती, बमन सूखीढांग, पुनेठी, खेतखेड़ा, पल्सों, चूका, नगरगांव, पतलीखेत, कठाड, चौडासेठी, खटोली तल्ली स्वाला, ग्वानी, बिरगोला, चौड़ाकोट धूरा, सायली, तिलौन, कैन्यूडा पानी, लमकनिया एवं आमबाग।
इन क्षेत्रों में स्थानीय ग्रामीणों की ओर से लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों की मांग की जा रही थी, ताकि यहां की महिलाओं और बच्चों को बेहतर पोषण, आहार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्री-स्कूल शिक्षा जैसी सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हो सकें।
नए आंगनबाड़ी केंद्रों से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों तथा बच्चों के लिए निःशुल्क पोषाहार, ऊपरी पोषण आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा, गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से बच्चों के पूर्ण टीकाकरण में वृद्धि, 3-6 वर्ष के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध, विभिन्न सरकारी योजनाओं, मातृ-शिशु कल्याण, पोषण जागरूकता, घरेलू स्वास्थ्य सुरक्षा आदि की जानकारी अधिक सरलता से मिल सकेगी।
इसके साथ साथ ग्रामीण स्तर पर सामुदायिक बैठकों, पोषण पखवाड़ा, स्वास्थ्य शिविर आदि का आयोजन और अधिक प्रभावी होगा।
खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी ने कहा “मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच और जनपद में विकास के प्रति विशेष संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि चम्पावत में इतने बड़े स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों की गुणवत्ता युक्त देखभाल सुनिश्चित होगी, और जनपद में महिला एवं बाल विकास के सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार होगा।”
अधिकारी ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बैठने की व्यवस्था, खेल सामग्री, प्री-स्कूल शिक्षा किट, पोषण कक्ष, प्रसूता परामर्श कक्ष, जल एवं स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षित और विश्वसनीय संस्थागत सेवा केंद्र मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य एवं विकास को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगी।
Jaya punetha editor in chief ।




