पिछले 48 घंटे से राष्ट्रीय राजमार्ग में थम चुका है वाहनों की आवाजाही का दौर।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

31 अगस्त 2025

पिछले 48 घंटे से राष्ट्रीय राजमार्ग में थम चुका है वाहनों की आवाजाही का दौर।

स्वाला डेंजर जोन में युद्ध स्तर पर मलवा हटाने का कार्य जारी। अधिशासी अभियंता ने स्पॉट में डाला डेरा।

चंपावत। मौसम ने राष्ट्रीय राजमार्ग की व्यवस्थाओं को तार-तार कर दिया है। पिछले 48 घंटे से राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही ही ठप पड़ी हुई है। सैकड़ो वाहन स्वाला डेंजर जोन के आर पार खड़े हैं। लगातार हो रही बरसात के कारण इस स्थान में ऊपर से बड़े-बड़े बोल्डर के साथ मालवा, गाद के आने के कारण मलवा साफ करने में लगे लोगों के सामने मौत भी मंडरा रही है। इस दौरान इतने बड़े बोल्डर आए जिसकी कल्पना भी नहीं थी। बोल्डरों के साथ मालवा, गाद भी लगातार आ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता दीपक जोशी स्वाला में ही डेरा डाले हुए हैं तथा रात दिन जेसीबी मशीने चल रही है। लेकिन मौसम उनके प्रयासों में पानी फेरता आ रहा है।

29 अगस्त की सांय को यह मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिसे खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे। कल कुछ समय के लिए छोटे वाहनों की निकासी की गई थी। उसके बाद फिर मलवा आना शुरू हो गया। बड़े बोल्डर आने के कारण सड़क के लिए भी खतरा पैदा होता जा रहा है। प्रभारी जिला अधिकारी जयवर्धन शर्मा द्वारा स्थल का निरीक्षण कर अभियंताओं से ताजा हालातो की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता के अनुसार यदि मौसम ने साथ दिया तो सड़क को रात में ही खोल दिया जाएगा।अलबत्ता मौसम विभाग की चेतावनी से नहीं लगता है कि सड़क जल्द खुल पाएगी। मालूम हो कि नए अधिशासी अभियंता ने किस मुहूर्त में चार्ज लिया कि उनके सामने ऐसी विकट चुनौती सामने आई हुई है। जबकि इस बरसाती मौसम में राष्ट्रीय राजमार्ग 15 घंटे से अधिक बंद नहीं हुआ था।

उधर अवकाश पर गए जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा वे सोमवार को नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष को शपथ दिलाने के लिए भी आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार स्वाला डेंजर जोन की खतरनाक स्थिति को देखते हुए लोग अनावश्यक यात्रा करने से बचे। यदि यात्रा जरूरी है तो वे वैकल्पिक सड़क मार्गों से ही जाए।

Jaya punetha editor in chief ।