*ललुआपानी ट्रंचिंग ग्राउंड में लगभग 10 हजार मीट्रिक टन पुराने कचरे का हो चुका निस्तारण*
*निस्तारण अंतिम चरण में, शेष पुराने कचरे का निस्तारण अगले 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य*
चम्पावत, 28 नवंबर 2026, सूवि।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी ने ललुआपानी रोड स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थल पर एक दशक से भी पुराने जमा कचरे (लिगेसी वेस्ट) के निस्तारण का कार्य अंतिम चरण में है। अब तक 10 हजार मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। शेष पुराने कचरे का निस्तारण अगले 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों तथा लागू पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शेष कचरे की मात्रा का आकलन कर समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार काम करने और छंटाई के लिए आवश्यक मशीनें व कार्मिक उपलब्ध रखने को कहा।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के दिए गए निर्देशों के क्रम में कूड़े की छंटाई में अलग हुई पुनर्चक्रण योग्य सामग्री अधिकृत एजेंसियों को भेजी जाएगी और बाकी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा । उन्होंने पुराने कचरे के ढेर में नया कचरा डालने पर रोक लगाने और रोजाना एकत्र होने वाले कचरे के अलग प्रबंधन की व्यवस्था करने की बात भी कही ।
उन्होंने स्थल पर कचरा जलाने पर रोक सुनिश्चित करने तथा कचरे से रिसने वाले दूषित पानी को आसपास के क्षेत्र और जलस्रोतों तक पहुंचने से रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम किये जाने की बात भी कही ।
Jaya punetha editor in chief.




