चम्पावत 03 मई 2026
*टनकपुर पेयजल परियोजना में जनसुविधा सर्वोपरि: धूल नियंत्रण, सड़क बहाली और 24×7 शिकायत निस्तारण के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने टनकपुर नगर क्षेत्र में संचालित पेयजल आपूर्ति परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को होने वाली असुविधाओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU), चम्पावत द्वारा टनकपुर नगर में लगभग 65 किमी लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने, 03 नए जलाशयों तथा 05 नए नलकूपों के निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नगर की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों—जैसे सड़कों के समतलीकरण में कमी, धूल की समस्या तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन—पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और जनहित को ध्यान में रखते हुए किए जाएं।
कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया है कि पाइपलाइन बिछाने के पश्चात गड्ढों को तत्काल स्थानीय मिट्टी से भरकर मार्ग को चलने योग्य बनाया जा रहा है। सड़क के सबग्रेड को सुदृढ़ करने हेतु मानकानुसार GSB एवं अन्य सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है।
साथ ही, धूल नियंत्रण के लिए नियमित जल छिड़काव तथा सड़क धंसाव से बचाव हेतु अस्थायी मरम्मत कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं। मानसून से पूर्व सड़कों की अंतिम बहाली हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए यूयूएसडीए द्वारा 24×7 संपर्क व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। नागरिक निम्नलिखित अधिकारियों/प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं:
श्री अभिषेक चौधरी (मै. एस.के.सी. टी.सी.पी.-JV): 7017493366
श्री मोहित पंवार (मै. एस.के.सी. टी.सी.पी.-JV): 8650757449
श्री समीर गुप्ता (कनिष्ठ अभियंता, PIU): 9674557034
श्री राजीव कुमार (सहायक अभियंता, PIU): 9719498718
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि विकास कार्यों के दौरान होने वाली असुविधाएं अस्थायी हैं। उन्होंने नागरिकों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने का अनुरोध करते हुए आश्वस्त किया कि परियोजना को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाएगा, जिससे टनकपुर की पेयजल व्यवस्था में स्थायी सुधार सुनिश्चित होगा।




