*स्वाला–धौन के पास वाहन दुर्घटना में चार लोगों को खाई से निकाला, एक का रेस्क्यू जारी*
*प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर, 108 एम्बुलेंस भी मौजूद*
चम्पावत, 29 नवंबर 2026, सूवि।
चम्पावत में स्वाला–धौन के पास रविवार तड़के करीब 3 बजे एक एक्सयूवी 300 वाहन (UP 32 MC 7924) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में पांच लोग सवार थे। जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डीसीआर) से सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
वाहन में सवार चार लोग खाई से सुरक्षित सड़क तक पहुंच गए हैं। इनमें आशीष श्रीवास्तव (37 वर्ष), अंशुमान कुशवाहा (25 वर्ष), अमित शुक्ला (32 वर्ष) और विकास गिरी (30 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27 वर्ष) को निकालने का प्रयास जारी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है। मौके पर प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, फायर स्टेशन चम्पावत और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। 108 एम्बुलेंस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
Jaya punetha editor in chief.




