मानेश्वर समाचार।
25 जून 2025
*संयुक्त सहकारी खेती के अन्तर्गत अदरक बीज उत्पादन योजना का किया गया स्थलीय निरीक्षण*
जनपद चंपावत में संचालित संयुक्त सहकारी खेती के अंतर्गत अदरक बीज उत्पादन योजना का बुधवार को संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थल पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अदरक बीज उत्पादन की वर्तमान स्थिति, भूमि की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था और बीज की गुणवत्ता आदि का गहन अवलोकन किया गया।

इस योजना के अंतर्गत जनपद की 15 महिला स्वयं सहायता समूहों की लगभग 100 महिलाओं द्वारा 200 नाली भूमि पर अदरक की खेती के लिए यूकेसीडीपी से उक्त समितियों को कुल 83.00 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है। जो स्थानीय स्तर पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामूहिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद कर उनकी खेती से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को जाना। साथ ही उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन व विपणन की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
यह योजना जिले में सहकारी खेती के माध्यम से समूह आधारित कृषि मॉडल को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ गुणवत्तायुक्त अदरक बीज उत्पादन एवं महिलाओं की आय वृद्धि का माध्यम बन रही है।
निरीक्षण उपरांत अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अदरक बीज उत्पादन प्रक्रिया में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही महिला समूहों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं बाजार से जोड़ने की दिशा में सहयोग किया जाए, जिससे उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी, समूह की महिलाएं व अन्य मौजूद रहे।




