*बर्ड फ्लू रोकथाम: बैठक में दिए आवश्यक दिशानिर्देश, बॉर्डर पर सतर्कता जारी, बूचड़खानों का निरीक्षण* ।

मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 20 अगस्त 2025

*बर्ड फ्लू रोकथाम: बैठक में दिए आवश्यक दिशानिर्देश, बॉर्डर पर सतर्कता जारी, बूचड़खानों का निरीक्षण*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार बर्ड फ्लू की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक ओर आपात बैठक का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर बनबसा क्षेत्र में बूचड़खानों का निरीक्षण भी किया गया।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता में आपात बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा ने कहा कि बर्ड फ्लू की रोकथाम हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। जनपद की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए और बाहरी क्षेत्रों से पक्षियों/मुर्गियों की आवाजाही पर रोक सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता एवं गश्त बढ़ाई जाए तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की तत्काल सूचना साझा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक के बाद पशु चिकित्सालय बनबसा एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के बूचड़खानों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई की स्थिति तथा मुर्गियों के स्वास्थ्य की बारीकी से जाँच की गई।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि सभी बूचड़खानों की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा किसी भी मुर्गी में बीमारी अथवा एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के लक्षण नहीं मिले।

निरीक्षण टीम ने बूचड़खाना संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे बाहरी जिलों से मुर्गियाँ न लाएँ, केवल स्थानीय बाजार अथवा मान्यता प्राप्त फार्मों से ही खरीद करें और प्रत्येक लेन-देन का बिल अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें।

साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. फरहीन ताहिर ने उपस्थित लोगों को बर्ड फ्लू के लक्षण, उसकी गंभीरता एवं बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी और सभी को स्वच्छता एवं सतर्कता बरतने हेतु प्रेरित किया ।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement