मानेश्वर समाचार।
चंपावत 20 अगस्त 2025
*चम्पावत शहर के आबादी भाग में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य तेज़ी से जारी*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, चम्पावत द्वारा चम्पावत शहर के भीतर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों (पॉट होल) की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यह कार्य मुख्यतः शहर के आबादी क्षेत्र में संचालित है, जहाँ वाहनों का आवागमन अत्यधिक रहता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पर्यटक आवागमन करते हैं।
अधिशाषी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्री दान सिंह जरमाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात की सुगमता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में राजमार्ग पर बने गड्ढों को भरने का कार्य पूरी तेजी और गंभीरता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्यों में मशीन मिक्स्ड और पॉट होल मिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है। यह तकनीकें विशेष रूप से बरसात के मौसम में भी कारगर होती हैं तथा सड़क की सतह को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने में सहायक हैं।
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्यों को इस प्रकार अंजाम दिया जा रहा है कि आमजन की आवाजाही बाधित न हो और सड़कें शीघ्र ही सुगम और सुरक्षित बन सकें।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजमार्ग पर किसी भी स्थिति में गड्ढों के कारण दुर्घटना की संभावना न रहे तथा कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड द्वारा की जा रही त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावनाएँ कम होंगी।
Jaya punetha editor in chief ।



