*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने किया सिटी सेंटर का स्थलीय निरीक्षण, निर्माण की प्रगति का लिया जायजा*
*रोडवेज स्टेशन परिसर में 62.33 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स*
**चम्पावत, 27 नवंबर 2026, सूवि*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शुक्रवार को देर रात चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन सिटी सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली।
गौरतलब है कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप सिटी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत इस परियोजना के लिए शासन ने 62.33 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
परियोजना के तहत एक ही परिसर में बहुमंजिला पार्किंग, रोडवेज बस स्टेशन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। बेसमेंट में करीब 100 वाहनों की पार्किंग और भूतल पर एक साथ 15 बसों के खड़े होने की व्यवस्था प्रस्तावित है। परिसर में रोडवेज कार्यालय, दुकानें और खानपान की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सिटी सेंटर बनने से नगर में वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग उपलब्ध होगी और सड़क किनारे पार्किंग का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। रोडवेज यात्रियों को बस और खानपान की सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी। वहीं, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से स्थानीय व्यापारियों को कारोबार के लिए स्थान मिलेगा।
Jaya punetha editor in chief.




