राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहाघाट की बेटियों ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में रचा नया इतिहास
देहरादून में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट में प्रीति ने जीता गोल्ड, गुंजन ने सिल्वर — राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई प्रीति
लोहाघाट। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 25वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चंपावत जिले का मान बढ़ाते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लोहाघाट की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रीति ने हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा उन्होंने 400 मीटर रिले रेस में भी रजत पदक प्राप्त कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, छात्रा गुंजन देव ने 80 मीटर हर्डल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद प्रीति का चयन राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब प्रीति उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय मंच पर करेंगी।
विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि से उत्साह और हर्ष का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती राखी सक्सेना ने दोनों छात्राओं को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि “हमारी बेटियों ने साबित कर दिया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।” विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और अभिभावकों ने भी प्रीति और गुंजन को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
एथलेटिक्स कोच और खेल शिक्षकों ने कहा कि यदि ऐसी प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और संसाधन मिलें, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर सकती हैं।
Jaya punetha editor in chief ।




