चम्पावत,22 जून 2026
*पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट में शिक्षण कार्य सुचारु, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं : मुख्य शिक्षाधिकारी*
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज लोहाघाट में प्रवक्ताओं की कमी को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में मुख्य शिक्षाधिकारी श्री मान सिंह ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है तथा छात्रों की पढ़ाई किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के हाईस्कूल स्तर पर कुल 11 पद स्वीकृत हैं, जिनके सापेक्ष 10 शिक्षक कार्यरत हैं। एक रिक्त पद उर्दू विषय का है, जबकि विद्यालय में उर्दू विषय में कोई छात्र पंजीकृत नहीं है।
इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 13 पद स्वीकृत हैं, जिनके सापेक्ष 10 शिक्षक कार्यरत हैं। रिक्त तीन पदों में से वाणिज्य (कॉमर्स) विषय का शिक्षण कार्य एलटी संवर्ग में कार्यरत शिक्षकों द्वारा कराया जा रहा है। इसी प्रकार भूगोल एवं इतिहास विषयों का अध्यापन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय में कार्यरत हिंदी एवं अंग्रेजी विषय के शिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। इन दोनों विषयों में इंटर स्तर पर दो-दो शिक्षक कार्यरत हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में कुल 213 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। छात्र संख्या के मानक के अनुसार इंटरमीडिएट स्तर पर 9 पदों की आवश्यकता बनती है। पूर्व में छात्र संख्या अधिक होने के कारण हिंदी एवं अंग्रेजी विषय में अतिरिक्त पद स्वीकृत किए गए थे।
प्रधानाचार्य द्वारा भी अवगत कराया गया है कि रिक्त पदों के सापेक्ष आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है तथा नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
Jaya punetha editor in chief ।




