दीपावली पर पूरे जिले में पुलिस का पहरा, खुद मैदान में उतरीं एसपी रेखा यादव
एसपी की रणनीति और सख्त निगरानी से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दीपावली पर्व, न हादसा न अप्रिय वारदात; पुलिसिंग की दिखी मजबूत तस्वीर
चंपावत। त्योहार की खुशियों में खलल डालने वालों के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान केवल निर्देशों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पुलिस अधीक्षक रेखा यादव खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर मोर्चा संभालती नजर आईं। बाजारों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और लगातार निगरानी का परिणाम रहा कि जिले में दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
एसपी रेखा यादव ने दीपावली से पहले ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया था कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आम नागरिकों की खुशियां और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगी। इसी रणनीति के तहत जिलेभर में पुलिस बल तैनात किया गया। वर्दीधारी पुलिस के साथ सादी वर्दी में भी जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे रहे।
खास बात यह रही कि एसपी स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करती रहीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया और जनता के बीच पहुंचकर सुरक्षा का भरोसा कायम किया। पुलिस की सक्रियता ने यह संदेश भी दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों और बैठकों तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए।
भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा और आपसी समन्वय की मिसाल देखने को मिली। महाकाली नदी के दोनों ओर तैनात सशस्त्र सीमा बल, नेपाल पुलिस और चंपावत पुलिस के जवानों ने मिलकर दीपावली मनाई। साथ ही सीमा पर सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
दीपावली के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर एसपी ने पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि चंपावत पुलिस जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी ही बेहतर पुलिसिंग की असली ताकत है।
राज्य स्थापना दिवस पर उन्होंने राज्य निर्माण के लिए त्याग और बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि सभी को मिलकर उत्तराखंड को समृद्ध, वैभवशाली और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में काम करना होगा।
एसपी का स्पष्ट संदेश रहा कि पुलिस का असली दायित्व केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध और दुर्घटनाओं को रोककर आम नागरिक को सुरक्षित माहौल देना है। दीपावली पर जिले में दिखी पुलिस की सक्रियता इसी जिम्मेदारी का उदाहरण बनी।
Jaya punetha editor in chief.




