चम्पावत 02 जुलाई, 2026
*वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने आपसी समन्वय से लंबित मामलों को निस्तारण करने के दिए निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जल संस्थान तथा जल निगम सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास परियोजनाओं को गति देना और उनके क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियागत बाधाओं को दूर करना रहा।
बैठक के दौरान विभागवार वन भूमि हस्तांतरण तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से संबंधित लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी को लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, हस्तांतरण प्रक्रिया की प्रगति, मार्ग में आ रही प्रक्रियागत चुनौतियों तथा उनके निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहित एवं विकास कार्यों से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण के सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने और सभी आवश्यक अभिलेख व औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि प्रस्तावों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। इसके साथ उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को भी अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह, उपजिलाधिकारी सदर श्री बी सी पंत सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारीगण मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




