लोहाघाट में कांग्रेस की रैली में उमड़ा जनसैलाब, खुशाल अधिकारी ने दिखाई ताकत.

लोहाघाट में कांग्रेस की रैली में उमड़ा जनसैलाब, खुशाल अधिकारी ने दिखाई ताकत

रामलीला मैदान में भाजपा के बाद कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन,

 

कुमारी शैलजा समेत दिग्गज नेताओं ने साधा धामी सरकार पर निशाना; रैली के बीच टिकट बदलाव की मांग ने उजागर की पार्टी की अंदरूनी खींचतान

 

लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ लोहाघाट का ऐतिहासिक रामलीला मैदान सियासी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया है। दो दिन पहले भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की रैली के बाद बुधवार को कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने बड़ी रैली आयोजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। रैली में उमड़ी भीड़ के बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने लोहाघाट की सियासत को नई चर्चा दे दी। हालांकि, रैली के दौरान ही टिकट बदलाव की मांग को लेकर उठे नारों ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी सामने ला दी।

रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव के लिए तैयार है। अंकिता हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि में ऐसी घटनाएं पूरे प्रदेश को शर्मसार करती हैं। उन्होंने प्रदेश के करीब साढ़े तीन हजार स्कूलों में एक-एक शिक्षक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो शिक्षा समेत प्रदेश की व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

खटीमा विधायक एवं विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता भुवन कापड़ी ने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जबकि बाहरी राज्यों के लोगों को ठेके और नौकरियों में अवसर मिल रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की मांग उठ रही है। उन्होंने खुशाल सिंह अधिकारी के कार्यों की सराहना की।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि पर्वतीय क्षेत्रों की जमीन बाहरी लोगों को बेची जा रही है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि उनके पांच साल के कार्यकाल में जनता के हितों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने रैली में पहुंचे लोगों को अपना समर्थक बताते हुए कहा कि ये वे लोग हैं जो हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का आधार जनता का विश्वास है। सरयू पेयजल योजना को लेकर उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि योजना की डीपीआर तक स्वीकृत नहीं हुई है। इसके बावजूद योजना को स्वीकृत बताकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए समर्थकों का आभार जताया।

रैली का संचालन युवा नेता भुवन चौबे और प्रकाश मेहरा ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक रंजीत रावत, हेमेश खर्कवाल, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, मुन्ना सिंह ढेक, भगीरथ भट्ट, पूरन कठायत, पप्पू वर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

बॉक्स_रैली के बीच टिकट बदलाव की मांग से गरमाई कांग्रेस की सियासत।

 

कांग्रेस की रैली में जहां विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाई, वहीं पार्टी के भीतर टिकट को लेकर चल रही खींचतान भी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश प्रभारी का काफिला चंपावत से लोहाघाट पहुंचने के दौरान मानेसर में कुछ कार्यकर्ताओं ने मुन्ना सिंह ढेक और युवा जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस टिकट बदलने की मांग उठाई। विधायक आवास के बाहर भी नारेबाजी कर विरोध जताया गया। रैली समाप्त होने के बाद भी इन कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। इससे साफ हो गया कि 2027 के चुनाव से पहले लोहाघाट कांग्रेस में टिकट को लेकर दावेदारी और अंदरूनी खींचतान का दौर तेज हो गया है।

 

फोटो कैप्शन: लोहाघाट के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करतीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा एवं मंच पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेता।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement