मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 21 अगस्त 2025
*अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने किया लोहाघाट तहसील का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा ने गुरुवार को लोहाघाट तहसील का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य तहसील स्तर पर संचालित कार्यों की समीक्षा करना, आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन करना और पारदर्शिता एवं सुशासन को सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न पटलों का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण किया और उन्हें अद्यतन (अपडेट) रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित और सही ढंग से रखे जाएं, ताकि किसी भी समय जरूरत पड़ने पर अभिलेखों की उपलब्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और जनता को दी जाने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की विलंब या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि तहसील में आने वाला प्रत्येक नागरिक सम्मान और सहजता के साथ अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करे।
जन सुनवाई रजिस्टर की जांच करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन द्वारा दर्ज शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और तय समयसीमा में उनका निवारण सुनिश्चित किया जाए।
तहसील परिसर की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और आम जनता के लिए मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए तथा जनता को बेहतर सेवाएं मुहैया कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने स्पष्ट कहा कि सुशासन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य में लापरवाही या शिथिलता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी के साथ उप जिलाधिकारी लोहाघाट श्रीमती नीतू डांगर, उपजिलाधिकारी श्री अलकेश नौड़ियाल, तहसीलदार श्री जगदीश नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



