चम्पावत,
*ग्राम सुई क्षेत्र में गुलदार की निगरानी व सुरक्षा हेतु वन विभाग द्वारा सघन गश्त व संसाधन तैनात*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में ग्राम सुई व आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीव सुरक्षा के दृष्टिगत लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ फॉरेस्ट) श्री सुनील कुमार ने बताया कि दिनांक 4 नवंबर 2026 को ग्राम सुई में एक बालक की मृत्यु गुलदार के हमले के कारण हुई थी, जिसके बाद से ही उस तिथि से इस क्षेत्र में वन विभाग द्वारा नियमित रूप से गश्त की जा रही है।
श्री सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में विशेष रूप से विभाग की 15 सदस्यीय टीम नियमित गश्त कर रही है, जिसमें दो ट्रैंकुलाइजिंग टीमें शामिल हैं। इनमें से एक टीम का नेतृत्व नैनीताल में कार्यरत वरिष्ठ पशु चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है, जबकि दूसरी ट्रैंकुलाइजिंग टीम का नेतृत्व विभाग में कार्यरत वन दरोगा अजय दीप टम्टा द्वारा किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त गुलदार को पकड़ने के उद्देश्य से क्षेत्र में 6 पिंजरे लगाए गए हैं तथा 20 ट्रैप कैमरों के साथ-साथ दूरबीन, लाइव कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आबादी क्षेत्र के निकट कहीं भी गुलदार की उपस्थिति दर्ज नहीं पाई गई है।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्र में प्रकाश की उचित व्यवस्था के लिए 5 सोलर लाइटें उपलब्ध कराई गई हैं, आवश्यकता अनुसार अन्य स्थानों पर भी सोलर लाइटे लगवाई जा रहीं हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे स्थानों पर लगाया गया है जहां अंधेरा रहता है।
एसडीओ सुनील कुमार ने समस्त जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों के आसपास प्रकाश की उचित व्यवस्था रखें, झाड़ियों का कटान करें तथा अन्यत्र स्थानों की पुरानी या असत्यापित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर प्रचारित-प्रसारित न करें, जिससे ग्रामीणों में अनावश्यक भय उत्पन्न होता है। उन्होंने लोगों से सतर्क व सावधान रहने का आग्रह करते हुए कहा कि वन विभाग क्षेत्र में सदैव गश्त कर रहा है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जल्द ही गुलदार को या तो पिंजरे में कैद कर लिया जाएगा या ट्रैंकुलाइज कर लिया जाएगा।
Jaya punetha editor in chief.




