17 दिन तक छकाता रहा गुलदार, आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आया

17 दिन तक छकाता रहा गुलदार, आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आया

 

13 वर्षीय मासूम की जान लेने वाले गुलदार को आईटीबीपी कैंप के पास किया ट्रेंकुलाइज, डीएनए जांच से खुलेगा नरभक्षी का राज; 17 दिन जंगलों में डटी रही वन विभाग की टीम।

 

लोहाघाट। सुई गांव में 13 वर्षीय मासूम की जान लेने के बाद दहशत का पर्याय बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गया। 17 दिनों तक जंगलों में वनकर्मियों को छकाने और लगातार ठिकाने बदलने वाले गुलदार को शुक्रवार सुबह आईटीबीपी कैंप के पास ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। गुलदार के पकड़े जाने के साथ ही गांव में पसरा खौफ कुछ कम हुआ है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि पकड़ा गया गुलदार ही बच्चे का हत्यारा है। डीएनए जांच के बाद ही इसकी पुष्टि होगी।

 

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आईटीबीपी कैंप के पास गुलदार की लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग में हलचल मच गई। एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नैनीताल जू से बुलाए गए वरिष्ठ पशु चिकित्सक एवं ट्रेंकुलाइज विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु पांगती ने मोर्चा संभाला और गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर लिया। पकड़े गए गुलदार को अल्मोड़ा जू भेजा जा रहा है।

डीएफओ धेनु पुरुषोत्तम के मुताबिक पकड़ा गया गुलदार नर और पूरी तरह वयस्क है। उसका विचरण क्षेत्र मायावती के जंगलों से लेकर बनगांव, झील क्षेत्र और झूमाधुरी के जंगलों तक फैला हुआ था। गुलदार की तलाश में वन विभाग ने सुई गांव और आसपास के जंगलों में कैमरे लगाए थे। वनकर्मी रातभर निगरानी कर रहे थे। कड़ाके की ठंड के बीच 17 दिनों तक चले इस अभियान ने वनकर्मियों की भी परीक्षा ली।

 

चार नवंबर को 13 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद से सुई गांव में दहशत का माहौल था। गुलदार के खौफ ने बच्चों की स्कूल आवाजाही तक रोक दी थी। दीपावली के पटाखों के शोर के बीच गुलदार लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा और वन विभाग की टीम को खूब छकाया। बाद में सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने बच्चों को घर से स्कूल लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। प्रशासन ने गांव में सोलर लाइटें भी लगवाई थीं।

 

डीएफओ ने कहा कि पकड़े गए गुलदार के नरभक्षी होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। डीएनए जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। तब तक क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे नहीं हटाए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार अवकाश के दौरान भी लगातार पूरे अभियान की जानकारी लेते रहे। उन्होंने वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की।

इधर, चिड़ियाडूंगा गांव में भी पिछले तीन-चार दिनों से गुलदार दिखाई देने और उसकी आवाज सुनाई देने की सूचना है। हालांकि, वहां दिखा गुलदार कौन है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

 

बॉक्स | 17 दिन परिवार से दूर रहे वनकर्मी, अब मनाएंगे बूढ़ी दीपावली

 

गुलदार को पकड़ने के लिए एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में करीब 15 वनकर्मी लगातार 17 दिनों तक मोर्चे पर डटे रहे। दिन-रात जंगलों में गश्त और निगरानी के चलते कर्मचारी अपने परिवारों के साथ दीपावली तक नहीं मना सके। अब गुलदार के पकड़े जाने के बाद टीम ने राहत की सांस ली है। वनकर्मियों का कहना है कि अब वे परिवार के साथ बूढ़ी दीपावली मनाएंगे।

 

फोटो_17 दिन के अभियान के बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम और विशेषज्ञ चिकित्सक।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement