चम्पावत,
*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: दूरस्थ क्षेत्र खटोली तल्ली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, लगभग 610 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ*
*शिविर में 75 जनसमस्याएं दर्ज, मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश*
*सहकारिता विभाग ने किसानों को प्रदान किए ब्याज मुक्त ऋण के चेक, जरूरतमंदों को मौके पर उपलब्ध कराए श्रवण यंत्र*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम की कड़ी में मंगलवार को दूरस्थ क्षेत्र आनंदपुरी इंटर कॉलेज, खटोली तल्ली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्री मुकेश महराना एवं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
मा. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया।
इस दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग 610 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 82, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग द्वारा 65, होम्योपैथिक विभाग द्वारा 55, पशुपालन विभाग द्वारा 52, उद्यान विभाग द्वारा 39 तथा कृषि विभाग द्वारा 25 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। वहीं, राजस्व विभाग द्वारा 37 लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। अन्य विभागों द्वारा भी बड़ी संख्या में लोगों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 75 शिकायतें एवं आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें ग्राम पंचायत खटोली तल्ली के प्रकाश सिंह, मनोज सिंह एवं उत्तम सिंह ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खटोली में पेयजल व्यवस्था एवं बाउंड्री वॉल निर्माण, लक्ष्मण सिंह ने चेकडैम निर्माण, ग्राम पंचायत पचनई की अनीता देवी ने पेयजल नौले की मरम्मत तथा कली देवी ने बकरी पालन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, पचनई के हयात सिंह ने फसल सुरक्षा के लिए घेरबाड़, गौ सेवा समिति के भरत सिंह ने गौशाला की चारदीवारी, खटोली तल्ली की भागीरथी देवी ने खेल मैदान तथा राम सिंह ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।
प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान एवं पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत कृषक बबलू सिंह एवं छतार सिंह को कृषि कार्यों के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना से लाभान्वित करते हुए एक-एक लाख रूपये के ऋण चेक प्रदान किए गए साथ ही विद्यालय के बच्चों को क्रिकेट किट भी वितरित की गई। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा मदन सिंह एवं कली देवी को मौके पर श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। शिविर में लाभार्थियों ने अपने क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रहीश सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य भागीरथी देवी,खंड विकास अधिकारी रमेश जोशी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी डी कुमार,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, तहसीलदार बृजमोहन आर्य, भू-संरक्षण अधिकारी नारायण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर.पी. डोभाल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief.




