चम्पावत, 23 जून 2026
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कृषक बंधु बैठक सम्पन्न, किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कृषक बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों की समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की मांगों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए घेरबाड़ (चैनलिंक फेंसिंग), सोलर पंप, पौधों, गुणवत्तायुक्त बीजों तथा अन्य कृषि उपकरणों के लिए प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसानों तक पहुंचाया जाए तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को कुक्कुट पालन योजनाओं से अधिकाधिक किसानों को जोड़ने तथा वन विभाग को बंदरों एवं लंगूरों से फसलों को होने वाले नुकसान की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों द्वारा क्षतिग्रस्त पॉलीहाउसों की मरम्मत, नए पॉलीहाउसों की स्थापना, घेरबाड़, मत्स्य पालन हेतु तालाब, पौधों एवं सोलर लिफ्ट की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन मांगों के संबंध में पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनपद में मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार एवं आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र को किसानों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा मधुमक्खी बॉक्स एवं आवश्यक उपकरणों का स्थानीय स्तर पर निर्माण प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को कम लागत पर सामग्री उपलब्ध हो सके।
सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाने पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषक श्री प्रकाश खर्कवाल ने पुराने पॉलीहाउसों की मरम्मत, नए पॉलीहाउसों की स्थापना तथा घेरबाड़ योजना का विस्तार पूरे गांव तक किए जाने का सुझाव दिया। कृषक श्री गिरीश जोशी ने घेरबाड़, मत्स्य तालाब एवं सड़क सुधार की मांग रखी, जबकि कृषक श्री चंद्रशेखर तिवारी ने पोल्ट्री फार्म की सब्सिडी नहीं मिलने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषक बंधु एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




