*ड्रॉपआउट से लेकर स्मार्ट क्लास तक, शिक्षा, पोषण और रिसर्च पर फोकस, डाइट बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*।

Spread the love

चम्पावत 27 मार्च 2026

*ड्रॉपआउट से लेकर स्मार्ट क्लास तक, शिक्षा, पोषण और रिसर्च पर फोकस, डाइट बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

*डाइट सलाहकार समिति की बैठक में शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर फोकस*

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), लोहाघाट की सलाहकार समिति की बैठक जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शैक्षिक सत्र 2025-26 में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी सत्र 2026-27 के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अटल उत्कृष्ट विद्यालयों से सीबीएसई बोर्ड में जाने वाले विद्यार्थियों के अंक प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की अनुपस्थिति के कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन (रिसर्च एवं डेटा आधारित विश्लेषण) कर उसमें कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विद्यालयों के उच्चीकरण, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा संसाधनों के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में ‘Eat Right’ अभियान को जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों में प्रारंभ से ही संतुलित एवं स्वस्थ आहार की आदत विकसित हो सके।

उन्होंने विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास एवं लैब की वास्तविक उपयोगिता का मूल्यांकन करने तथा यह अध्ययन करने के भी निर्देश दिए कि इनसे शिक्षकों की कार्यक्षमता एवं शिक्षण गुणवत्ता में कितना सुधार हो रहा है।

जिलाधिकारी ने दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों को आवागमन में आने वाली कठिनाइयों एवं उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव का भी अध्ययन कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में ओपन स्कूलिंग की संभावनाओं का आकलन करने को कहा।

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण (न्यूट्रिशन) में आवश्यक सुधार, कम लागत में बेहतर आधारभूत संरचना (लो-इम्पैक्ट इंफ्रास्ट्रक्चर) विकसित करने तथा डेटा रैंकिंग के आधार पर विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन कर उन्हें एक्सपोज़र विजिट पर भेजने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने ड्रॉपआउट दर कम करने, विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर पुनः नामांकन सुनिश्चित करने तथा उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने हेतु रिसर्च आधारित एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।