मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 26 जुलाई 2025, सूवि।
*पंचायत चुनाव के दूसरे चरण हेतु जिलाधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण – निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में*
जनपद चंपावत में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन–2025 के द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने विकासखंड चंपावत के मतदान केंद्र कांडा क्षेत्र के पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी श्री आकाश जोशी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं — जैसे स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, रैम्प, बिजली और छायायुक्त स्थान — की उपलब्धता की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की स्थिति का भी जायजा लिया।
श्री मनीष कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी केंद्र में “मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो – यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी तैयारियाँ समय से पूर्ण हों ताकि मतदान दिवस पर कोई बाधा उत्पन्न न हो।”
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 28 जुलाई 2025 को प्रस्तावित द्वितीय चरण का मतदान पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो — इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय से कार्य करें। उन्होंने क्षेत्रीय प्रशासन और निर्वाचन कर्मियों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।
Jaya punetha editor in chief ।




