चम्पावत,16 जून 2026
*मा. मुख्यमंत्री के विजन आदर्श चम्पावत की दिशा में तेजी से बढ़ रहे विकास कार्य*
*आदर्श चम्पावत की ओर मजबूत कदम, जलापूर्ति परियोजना से बदलेगी नगर की तस्वीर*
*भविष्य की बेहतर सुविधाओं के लिए जारी विकास कार्य, सड़कों का सुधारीकरण कार्य भी तेज*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चम्पावत” की परिकल्पना को साकार करने हेतु जनपद में विभिन्न विकास परियोजनाओं को निरंतर गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में चम्पावत नगर क्षेत्र में महत्वपूर्ण जलापूर्ति (वाटर सप्लाई) परियोजना का कार्य प्रगति पर है।
परियोजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे कुछ स्थानों पर सड़कें अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं। हालांकि संबंधित विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधारीकरण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है।
उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य जनहित में किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नगरवासियों को बेहतर एवं सुगम पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें प्रभावित हुई हैं, वहां पुनर्स्थापन एवं मरम्मत का कार्य तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है।
भैरवा क्षेत्र से ललुआपानी मार्ग तथा मुख्यालय और ब्लॉक को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर भी सुधारीकरण कार्य जारी है। वहीं नगर के अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाले सभी मार्गो पर बने गड्ढों को भरने और मार्ग को सुगम बनाने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि अल्पकालिक असुविधा के बदले भविष्य में उन्हें बेहतर पेयजल व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा सड़कों के शीघ्र सुधारीकरण के प्रयासों की सराहना की।
जनपद प्रशासन द्वारा विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Jaya punetha editor in chief ।




