चम्पावत,
*चम्पावत में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों हेतु उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित, 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को होगी मतगणना*
राज्य निर्वाचन आयोग एवं उत्तराखंड शासन की अधिसूचनाओं के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्री मनीष कुमार ने अवगत कराया कि आयोग द्वारा जनपद चम्पावत की त्रिस्तरीय पंचायतों में विभिन्न कारणों से रिक्त हुए ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों हेतु उप निर्वाचन की समय-सारणी जारी कर दी है।
उन्होंने बताया कि न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित न होने वाले रिक्त पदों पर यह उप निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
*जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र 30 सितंबर तथा 01 अक्टूबर 2026 को पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक दाखिल कर सकेंगे।*
इसके पश्चात *03 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।*
*नाम वापसी की प्रक्रिया 04 अक्टूबर को पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संपन्न होगी, जबकि 05 अक्टूबर को पूर्वाहन 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।*
*उप निर्वाचन के तहत मतदान 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा तथा 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतों की गणना की जाएगी।*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित विकास खंड मुख्यालयों पर 26 सितंबर से 30 सितंबर तक कार्यालय समय में तथा 01 अक्टूबर को अपराह्न 3:00 बजे तक की जाएगी। सदस्यों के पदों हेतु नामांकन, जांच, नाम वापसी एवं प्रतीक आवंटन का कार्य संबंधित क्षेत्र पंचायत (विकास खंड) मुख्यालय पर संपन्न होगा। वहीं मतगणना तथा चुनाव परिणामों की घोषणा भी क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर ही की जाएगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित निर्वाचन अधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को स्थानीय समाचार पत्रों, मुनादी तथा सूचना पट्टों के माध्यम से निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आरक्षण स्थिति व पूर्ण विवरण की सार्वजनिक सूचना नामांकन तिथि से पूर्व जारी कर उसकी प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करने के आदेश दिए गए हैं। संपूर्ण उप निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम 2016 तथा संबंधित नियमावलियों के तहत आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।




