चम्पावत ,
*सेवा संकल्प अभियान: चंपावत में उद्यान विभाग ने ग्रामीणों को निःशुल्क सब्जी बीज बांटे, विभागीय योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी*
मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चंपावत जिले में उद्यान विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट के मार्गदर्शन में विकासखंड बाराकोट की न्याय पंचायत वल्सो के ग्राम पंचायत चामी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) योजना के तहत गांव के 20 लाभार्थियों को निःशुल्क सब्जी बीज मिनीकिट, जिसमें मटर, मेथी, पालक, राई, चुकंदर, गाजर एवं प्याज शामिल हैं, का वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को संरक्षित खेती को बढ़ावा देने हेतु पॉलीहाउस एवं कीवी मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की बारीकियों से अवगत कराया गया।
अभियान की निरंतरता में सीमांत वाईब्रेंट विलेज ग्राम सभा सेलानिगोठ में भी सब्जी बीज मिनीकिट का वितरण किया गया और ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं ग्राम पंचायत नौमाना में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीमती जानकी जोशी की गरिमामयी अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान के तहत निःशुल्क सब्जी बीज वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित कृषकों एवं ग्रामीणों को नाबार्ड सहायतित पॉलीहाउस निर्माण योजना तथा उद्यान विभाग की विभिन्न सब्सिडी आधारित योजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकें।




