चम्पावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात, जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का होगा वर्चुअल शुभारंभ*

Spread the love

चम्पावत,

 

*चम्पावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात, जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का होगा वर्चुअल शुभारंभ*

 

*स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे रक्त के आवश्यक घटक, आपातकालीन उपचार व्यवस्था होगी और मजबूत*

 

*मा.मुख्यमंत्री 20 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से करेंगे यूनिट का शुभारंभ*

 

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सीमांत जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिला चिकित्सालय, चम्पावत में स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ 20 अगस्त 2026 को प्रातः 09:00 बजे माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।

 

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से जिला चिकित्सालय में मरीजों को रक्त के विभिन्न आवश्यक घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। दुर्घटना, प्रसव, सर्जरी, गंभीर बीमारी, अत्यधिक रक्तस्राव तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।

 

इस यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा एवं प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी एवं चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे रक्त का अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं जरूरत के अनुरूप उपयोग संभव होगा।

 

जिला चिकित्सालय में यह सुविधा उपलब्ध होने से सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलेगी। आवश्यक रक्त घटक के लिए मरीजों को अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर रेफर किए जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे आपातकालीन उपचार में समय की बचत होगी और मरीजों एवं उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी।

 

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के संचालन से जिला चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और मजबूत होगी। दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी तथा गंभीर रोगियों के उपचार में रक्त एवं रक्त घटकों की समय पर उपलब्धता महत्वपूर्ण होती है। ऐसे मामलों में यह यूनिट चिकित्सकों को मरीज की आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त रक्त घटक उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवेश चौहान ने बताया कि यह सुविधा जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। एक यूनिट रक्त से अलग-अलग रक्त घटक तैयार होने के कारण जरूरतमंद मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

इस सुविधा के शुभारंभ से जनपद में ‘रक्तदान- जीवनदान’ के संदेश को भी मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की जाएगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं रक्त घटकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

 

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सीमांत जनपद को मिली यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विशेष रूप से दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन 20 अगस्त 2026 को प्रातः 09:00 बजे जिला चिकित्सालय, चम्पावत में किया जाएगा। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा।

 

Jaya punetha editor in chief ।