चम्पावत,
*1 सितंबर होगा खेल महाकुंभ के तहत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ,मा. मुख्यमंत्री के संकल्प खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल को मिलेगा विस्तार*
*न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं, अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर*
*खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है उद्देश्य*
*खिलाड़ी ऑनलाइन कराएं पंजीकरण-www.khelouk.in/registration*
युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ-2026 के तहत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी एवं विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल की दिशा में आयोजित इस खेल आयोजन के तहत जनपद में 1 सितंबर 2026 से मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी एवं विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा, खेल एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ में जिले के बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं एवं युवा खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
खेल महाकुंभ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना ही नहीं, बल्कि गांव-गांव और विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी। साथ ही युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राएं कर सकेंगे प्रतिभाग*
खेल महाकुंभ में ग्राम पंचायत एवं नगर निकायों के बालक-बालिकाओं के साथ ही राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों, सीबीएसई एवं उत्तराखंड बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालय संगठन, जवाहर एवं राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों, विभिन्न छात्रावासों, सैनिक स्कूलों, निजी कोचिंग एवं ट्यूशन सेंटरों, खेल विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे।
*अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में होंगी प्रतियोगिताएं*
खेल महाकुंभ के अंतर्गत अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, मुर्गा झपट, वालीबाल, पिट्टू, मलखंभ, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबॉल एवं बैडमिंटन प्रमुख हैं।
एथलेटिक्स में आयु वर्ग के अनुसार 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़, लंबीकूद, ऊंचीकूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक तथा 4×100 मीटर रिले जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
*न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक पहुंचेगी प्रतिभा*
खेल महाकुंभ की प्रतियोगिताएं चरणबद्ध रूप से न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र एवं राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। न्याय पंचायत स्तर पर चयनित खिलाड़ी विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत विधानसभा स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। विधानसभा स्तर से चयनित खिलाड़ियों को सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के माध्यम से संसदीय क्षेत्र स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
संसदीय क्षेत्र स्तर से चयनित प्रतिभाएं आगे मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगी। इस चरणबद्ध प्रक्रिया से जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में मौजूद प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उच्च स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
*खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का संदेश*
खेल महाकुंभ युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों में नियमित भागीदारी से युवाओं में शारीरिक क्षमता के साथ आत्मविश्वास, सहयोग एवं नेतृत्व की भावना विकसित होती है।
खेल महाकुंभ को ‘नशामुक्त भारत, स्वस्थ भारत’ के संदेश से भी जोड़ा गया है। युवाओं से अपील है कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें।
*खिलाड़ी ऑनलाइन कराएं पंजीकरण*
सभी खिलाड़ियों से खेल महाकुंभ-2026 में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों को निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल:
www.khelouk.in/registration
अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित संस्थानों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों एवं युवाओं को खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
आयोजक: युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, चम्पावत (उत्तराखंड)
सहयोग: शिक्षा, खेल एवं पंचायती राज विभाग, उत्तराखंड
“खेलों से जुड़ेगा युवा, प्रतिभा को मिलेगा मंच—नशे से दूर, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ेगा चम्पावत।”
Jaya punetha editor in chief ।




