टनकपुर में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर 25 वर्षीय मजदूर की मौत

टनकपुर में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर 25 वर्षीय मजदूर की मौत

 

नगर पालिका भवन में काम करते समय हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

टनकपुर। टनकपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। नगर पालिका भवन में निर्माण कार्य के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे गिरने के कारण 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनूप वर्मा पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी नायकगोठ के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूप वर्मा नगर पालिका भवन की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

बताया जा रहा है कि फिलहाल शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हादसे के बाद निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर तीसरी मंजिल पर कार्य के दौरान यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ? क्या निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे? इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी आवश्यक है।

 

महज 25 वर्ष की उम्र में अनूप वर्मा की असमय मौत से एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है। अब जरूरत है कि हादसे की वास्तविक वजह सामने लाई जाए और यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मजदूर को इस तरह अपनी जान न गंवानी पड़े।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement