मानेश्वर समाचार।
चंपावत 11 जुलाई 2025
*खाद्यान्न वितरण की निगरानी: जिला पूर्ति अधिकारी ने लोहाघाट में जन समस्याएं सुनी*
*उचित दर दुकान का किया निरीक्षण*
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने शुक्रवार को लोहाघाट तहसील के मानर ढूँगा क्षेत्र में उचित दर विक्रेता श्री हीरा बल्लभ की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य वितरण प्रणाली की स्थिति का आकलन करने के साथ ही स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान DSO भट्ट ने दुकान में उपलब्ध स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रक्रिया तथा लाभार्थियों को मिलने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने यह निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय पर निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ हो।
स्थानीय निवासियों द्वारा खाद्यान्न वितरण में आ रही विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित शिकायतों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी लाभार्थियों तक सुचारू एवं पारदर्शी खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा उपेक्षा की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान विभागीय कार्मिक व अन्य उपस्थित रहे।




