स्वीप के तहत विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार।

Spread the love

चम्पावत 14 जून 2026

*स्वीप के तहत विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार*

*शत-प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने की कवायद अंतिम चरण*

*जिलाधिकारी के निर्देशन में नगर पालिका, नगर पंचायतों और निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से जन-जन को किया जा रहा जागरूक*

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में जिले के भीतर सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता यानी स्वीप के द्वारा विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध व पारदर्शी रखना है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और किसी भी स्थिति में कोई अपात्र मतदाता सूची में न जुड़ने पाए।

इसी क्रम में स्वीप समन्वयक ने जीवन कॉलोनी में अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि शत-प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने के कार्य अंतिम चरण में है

मतदाताओं द्वारा इन प्रपत्रों को सही-सही भरकर अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ को वापस सौंपने के लिए एक बड़ा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण कार्य को जन-जन तक पहुँचाने के लिए नगर पालिका, नगर पंचायतों के साथ-साथ स्कूलों और कॉलेजों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों का सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है, ताकि एक-एक नागरिक को मतदाता सूची के शुद्धिकरण की इस प्रक्रिया से जोड़ा जा सके।

जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे बीएलओ के माध्यम से मिलने वाले गणना प्रपत्रों को गंभीरता से लें और अपनी जानकारियों को जांचकर उन्हें समय पर वापस करें। इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के जरिए जहाँ एक ओर नए और योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने पर पूरा जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर फर्जी या दोहरी प्रविष्टियों को हटाकर सूची को त्रुटिहीन बनाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि आगामी निर्वाचनों में शत-प्रतिशत और निष्पक्ष सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।