चम्पावत, 14 जून 2026
*चम्पावत में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 62.95 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*
जनपद चम्पावत में रविवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं।
परीक्षा के संचालन के लिए जनपद मुख्यालय चम्पावत में 04 और लोहाघाट में 06 केंद्र बनाए गए थे, जहां प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के आंकड़ों के अनुसार, बनाए गए सभी 10 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3417 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2151 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जो कि कुल पंजीकृत संख्या का 62.95 प्रतिशत है।
परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 1266 रही, जिनका प्रतिशत 37.05 दर्ज किया गया। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दी और पूरी प्रक्रिया तय मानकों के अनुरूप रही।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई थी और सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद थीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पुख्ता तैयारियों और संबंधित अधिकारियों के समन्वय के चलते पूरी परीक्षा प्रक्रिया कहीं भी कोई व्यवधान आए बिना सफलतापूर्वक संपन्न हुयी ।




