चंपावत 14 जून 2026
*मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को मिलेगी रफ्तार, जिला योजना से खेल अवसंरचना विकास हेतु 1.20 करोड़ रुपये स्वीकृत*
*’आदर्श चम्पावत’ की दिशा में जनपद के गांवों में स्थापित होंगे आधुनिक ‘ओपन जिम’*
जन-जन की सरकार’ की जन-आकांक्षाओं, स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग, जनता दरबार में प्राप्त ज्ञापनों तथा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को गति देने के उद्देश्य से एवं मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन को साकार करने की दिशा में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल नेतृत्व में जिला योजना के अंतर्गत जनपद में बृहद पैमाने पर खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की रूपरेखा तैयार की गई है।
इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत राज्य सरकार की युवा कल्याण एवं खेल प्रोत्साहन नीतियों के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण व अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 120.00 लाख रुपये (एक करोड़ बीस लाख रुपये) की लागत से 54 नवीन योजनाओं का औचित्य सहित योजनावार विवरण स्वीकृत कर लिया गया है।
इस पूरी कार्ययोजना का प्राथमिक उद्देश्य स्थानीय युवाओं को नशे की प्रवृत्तियों से दूर रखकर रचनात्मक दिशा प्रदान करना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और आम नागरिकों को आधुनिक फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वीकृत इस कार्ययोजना के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों के कुल 54 महत्वपूर्ण स्थलों को आच्छादित किया गया है।
जन-भावनाओं के अनुरूप जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों, जिनमें मुख्य रूप से पखोटी, जनकण्डे, गोरसानी, बस्तिया, काण्डा, बुंगा, मूलाकोट, ककनाड़, देवीधुरा, गढियाड़, सिमलगाँठ, रायक, धौनी, चौकि, नाईकोट, बरशाकु, डुंगरी, कोल्याटी, सूई, कलीगांव, रीठल आदि सम्मिलित हैं, के कुल 52 स्थलों पर आधुनिक ‘ओपन जिम’ की स्थापना सुनिश्चित की गई है।
प्रत्येक ओपन जिम की स्थापना पर औसतन 1.70 लाख से 1.85 लाख रुपये तक की धनराशि व्यय की जाएगी, जिससे ग्रामीण स्तर पर ही आम जनमानस को उत्तम स्वास्थ्य हेतु निःशुल्क व्यायाम की सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में ओपन जिम के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ युवाओं को खेल की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अवस्थापना विकास पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कार्ययोजना के अंतर्गत बनबसा क्षेत्र में खेल प्रेमियों और स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की दीर्घकालिक मांग को पूरा करते हुए 28.50 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक व्यायामशाला का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।
इसके अतिरिक्त, जनपद में पूर्व से संचालित अन्य व्यायामशालाओं की आवश्यक मरम्मत, सुव्यवस्थित रखरखाव, कार्यरत कार्मिकों के मानदेय तथा आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी बजट में पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किए गए हैं, ताकि समस्त केंद्रों का संचालन बिना किसी प्रशासनिक या व्यावहारिक बाधा के निरंतर सुचारू रूप से चलता रहे।
प्रशासन द्वारा इस संपूर्ण कार्ययोजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा गया है। स्वीकृत किए गए सभी 54 कार्यों के प्रस्ताव स्थानीय ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के अनुशंसित पत्रों एवं जनता दरबार में प्राप्त जन-आकांक्षाओं के आधार पर ही तैयार किए गए हैं। विभागीय स्तर से समस्त स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप धरातल पर उतारने के कड़े निर्देश संबंधित कार्यदायी व तकनीकी एजेंसियों को जारी कर दिए गए हैं, ताकि जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के युवाओं को इन जनकल्याणकारी सुविधाओं का त्वरित और वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके।
Jaya punetha editor in chief ।




