मानेश्वर समाचार।
05 जुलाई 2025
*स्थानीय उत्पादन से आत्मनिर्भरता की ओर कदम – ITBP को 644 किलो पोल्ट्री की आपूर्ति*
36 वाहिनी इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) को पशुपालन विभाग चंपावत के माध्यम से 644 किलोग्राम लाइव पोल्ट्री की सफल आपूर्ति की गई। यह आपूर्ति विभाग के पंजीकृत पशुपालक द्वारा की गई, जिससे एक ओर जहां ITBP की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित हुई, वहीं दूसरी ओर स्थानीय पशुपालकों को आर्थिक रूप से लाभान्वित होने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
यह आपूर्ति कार्यक्रम लोहाघाट स्थित 36 वाहिनी ITBP परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें ITBP के अधिकारीगण उपस्थित रहे। पशुपालन विभाग की ओर से वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जे.पी. यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी श्री किशोर भट्ट ने मौके पर उपस्थित रहकर सम्पूर्ण आपूर्ति प्रक्रिया की निगरानी की तथा तकनीकी स्तर पर आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार, पशुपालन विभाग द्वारा ऐसे प्रयास भविष्य में भी लगातार किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के पशुपालकों को स्थायी विपणन मंच उपलब्ध हो सके और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
पशुपालन विभाग की यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ के सिद्धांत को सशक्त करने की दिशा में एक सार्थक कदम है, जिससे न केवल सरकारी संस्थानों की आपूर्ति आवश्यकताओं की पूर्ति होती है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।




