अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चम्पावत जिला न्यायालय में योग सत्र का आयोजन, स्वच्छता अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

Spread the love

चम्पावत 21 जून 2026

*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चम्पावत जिला न्यायालय में योग सत्र का आयोजन, स्वच्छता अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।*

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर माननीय जिला जज व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत की अध्यक्षता में जिला न्यायालय परिसर में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस विशेष अवसर पर मा जिला जज श्री अनुज कुमार संगल, मा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती निहारिका मित्तल गुप्ता और सिविल जज (जूनियर डिवीजन) व प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विशाल गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस कार्यक्रम में अनुभवी योग ट्रेनर के कुशल मार्गदर्शन में न्यायिक अधिकारियों, जिला बार संघ चम्पावत के सम्मानित अधिवक्तागणों, न्यायालय के समस्त कर्मचारियों और पी०एल०वी० (पैरा लीगल वॉलेंटियर्स) द्वारा पूरे उत्साह के साथ विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया गया।

योग सत्र के समापन के उपरांत, माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में जिला न्यायालय परिसर चम्पावत से लेकर छतार पुल तक एक वृहद स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस सामाजिक सरोकार के अभियान में माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय के नेतृत्व में न्यायालय के अधिवक्तागणों, कर्मचारीगणों, जनपद के पी०एल०वी०, यूनिवर्सल ग्रीन इंटर कॉलेज चम्पावत के एन०सी०सी० छात्र-छात्राओं तथा नगरपालिका चम्पावत के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

सभी ने मिलकर छतार पुल तक के पूरे मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में गहन सफाई की और साथ ही एक जन-जागरूकता रैली निकालकर स्थानीय निवासियों को स्वच्छता का महत्व समझाया।

सफाई अभियान की सफलता के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने सभी से अपने घरों और कार्यक्षेत्र के आसपास सदैव साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कर्तव्य नहीं बल्कि हमारे जीवन की आदत होनी चाहिए, इसलिए हम सभी को न केवल स्वयं जागरूक रहना है बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित करना है।

Jaya punetha editor in chief ।