मानेश्वर समाचार।
02 जुलाई 2025
*जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत का विशेष स्वच्छता अभियान जारी*
*जनपद के विभिन्न स्थलों पर चल रहा स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत चंपावत द्वारा जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल साफ-सफाई सुनिश्चित करना था, बल्कि आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी था।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, श्री कमलेश सिंह बिष्ट ने बताया कि बुधवार को कलचौड़ा, देवीधुरा, बलई, मानेश्वर व्यू प्वाइंट, लोहाघाट सहित अन्य स्थानों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत कर्मियों द्वारा सामूहिक रूप से कूड़ा-करकट हटाने, नालियों की सफाई करने तथा समुचित कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया और उन्हें अपने आस-पास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने हेतु प्रेरित किया गया। श्री बिष्ट ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि चंपावत को एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर जनपद बनाया जाए।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।




