*उत्तराखंड रजत जयंती वर्ष पर लोहाघाट में ‘स्वीप’ अभियान के तहत मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन*।

Spread the love

चंपावत, 06 नवंबर 2025

*उत्तराखंड रजत जयंती वर्ष पर लोहाघाट में ‘स्वीप’ अभियान के तहत मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन*

उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, जनपद चंपावत में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को लोहाघाट में मतदाता जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा स्वीप (SVEEP – Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) अभियान के तहत आयोजित किया गया।

इस रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना, नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना तथा नैतिक, निडर और निष्पक्ष मतदान के लिए जनजागरण फैलाना था।

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियाँ लेकर तथा नारे लगाते हुए लोहाघाट के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरते हुए आमजन को मतदान की जिम्मेदारी का संदेश दिया।

*रैली के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की भावना के अनुरूप मतदान की शपथ दिलाई गई।*

शपथ के माध्यम से सभी ने संकल्प लिया कि वे जाति, धर्म, भाषा, समुदाय या किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना, लोकतंत्र में आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करेंगे।

इस जन जागरूकता पहल का उद्देश्य चंपावत जनपद में मतदान प्रतिशत बढ़ाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं निर्वाचन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।