चंपावत 06 नवंबर, 2025
*रजत जयंती वर्ष पर कोषागार चम्पावत की नवाचारी पहल — घर-घर जाकर जमा कराए जा रहे ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष–2025 के अवसर पर कोषागार चम्पावत द्वारा पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों के हित में एक अनूठी पहल की गई है। “डोर स्टेप सर्विस” (Door Step Service) के माध्यम से पेंशनरों के घर जाकर उनके ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जमा कराए जा रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को कोषागार तक आने की असुविधा से बचाना एवं उन्हें डिजिटल प्रणाली से जोड़ना है। कोषागार तथा उपकोषागार स्तर के कर्मचारियों द्वारा माह नवम्बर में सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के घर जाकर उनके प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा किए गए।
कर्मचारियों ने मौके पर ही पेंशनरों को जीवन प्रमाण ऐप के उपयोग की जानकारी दी तथा उन्हें भविष्य में स्वयं प्रमाण पत्र जमा करने हेतु प्रशिक्षण भी प्रदान किया, जिससे वे तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस ‘डोर स्टेप’ सेवा के अंतर्गत श्रीमती दुर्गा देवी, श्रीमती माधवी देवी, श्री मान सिंह, श्री नारायण राम सहित अनेक पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र उनके घर जाकर जमा किए गए। पेंशनरों ने इस सुविधा के लिए सरकार एवं कोषागार चम्पावत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत लाभकारी बताया।
वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल ने बताया कि यह सेवा रजत जयंती वर्ष के दौरान सतत जारी रहेगी, ताकि जनपद के सभी पेंशनर डिजिटल माध्यम से सुगमता पूर्वक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकें।
Jaya punetha editor in chief ।




