देहरादून। देवभूमि में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाला है। 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप 22 मई से 7 जून तक आयोजित होगा, जिसमें देशभर की 16 मजबूत टीमों के साथ नेपाल की टीम भी खिताब के लिए मैदान में उतरेगी। चार ग्रुपों में बंटी टीमें लीग मुकाबलों के बाद नॉकआउट चरण में जगह बनाने के लिए जोरदार संघर्ष करेंगी।
टूर्नामेंट को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा रहने की उम्मीद है, क्योंकि कई टीमों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार और गोल्ड कप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। इसके अलावा प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को 5 हजार रुपये और पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, यानी मैन ऑफ द सीरीज को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इस बार टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी मुकाबले रंगीन ड्रेस में सफेद गेंद से खेले जाएंगे और अधिकांश मैच डे-नाइट होंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक माहौल देखने को मिलेगा। क्वार्टर फाइनल से प्रतियोगिता नॉकआउट फॉर्मेट में बदल जाएगी। मैचों का आयोजन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा, जबकि दो मुकाबले अल्फा क्रिकेट स्टेडियम गणेशपुर में खेले जाएंगे।
ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और सहगल क्रिकेट क्लब को रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा और इंडियन रेलवे शामिल हैं। ग्रुप सी में त्रिपुरा, झारखंड, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और ए एंड एस कोलकाता की टीमें हैं, वहीं ग्रुप डी में गोवा, केरल, एल.बी. शास्त्री क्लब और नेपाल की टीम आमने-सामने होंगी।टूर्नामेंट की खास बात यह भी है कि आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों के रहने, भोजन और परिवहन की पूरी व्यवस्था की गई है, जिससे वे पूरी तरह खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।इस बार उत्तराखंड गोल्ड कप केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल के साथ आधुनिक शिक्षा का भी मंच बनेगा। यूके आधारित ‘नेक्स्ट जेन एकेडमी’ के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जुड़ने से टूर्नामेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत कक्षा 5वीं से 12वीं तक के छात्रों को AI और डिजिटल तकनीकों की जानकारी देने की पहल की जाएगी, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
आयोजकों का मानना है कि इस पहल से जहां एक ओर मैदान में क्रिकेट का उत्साह देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर युवा पीढ़ी को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। 7 जून को फाइनल मुकाबले के साथ इस भव्य क्रिकेट आयोजन का समापन होगा।
Jaya punetha editor in chief ।




