चम्पावत, 09 जून 2026
*नमामि गंगे’ के तहत जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश*
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला गंगा समिति श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था तथा नदी संरक्षण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लीगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के वैज्ञानिक एवं शीघ्र निस्तारण हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित किए जाएं। साथ ही ऐसे स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि कूड़ा फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सीवरेज व्यवस्था सुदृढ़ करने, ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, लीगेसी वेस्ट प्रबंधन तथा जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नदी तटीय क्षेत्रों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत बनाने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन पलड़िया, अधिशासी अधिकारी,अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट, सिंचाई विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




