नगर पालिका परिषद टनकपुर के सभागार में ‘लोक कल्याण मेले’ का हुआ आयोजन।

Spread the love

चंपावत 09 जून 2026

*नगर पालिका परिषद टनकपुर के सभागार में ‘लोक कल्याण मेले’ का हुआ आयोजन*

*पीएम स्वनिधि लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और डिजिटल सशक्तिकरण पर दिया जोर*

आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को नगर पालिका परिषद टनकपुर के सभागार में दो दिवसीय ‘लोक कल्याण मेला’ का सफल आयोजन किया गया।

मा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद टनकपुर श्री विपिन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र के फेरी व्यवसायियों और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों सहित उनके परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों से सीधे जोड़कर लाभान्वित करना रहा।

इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने समस्त योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए आमजन से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस लोक कल्याण मेले के माध्यम से पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए उन्हें ऋण एवं क्रेडिट कार्ड तक पहुंच को बेहद सुगम बनाने की पहल की गई। इसके साथ ही आज के डिजिटल युग में फेरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। मेले में भारत सरकार की कई महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे जननी सुरक्षा योजना, मातृत्व वंदन योजना, वन नेशन वन कार्ड योजना, श्रमिकों का पंजीकरण योजना, श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम जन-धन योजना के बारे में विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई और लाभार्थियों को इन योजनाओं से तत्काल जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

कार्यक्रम के दौरान बैंकों, विभिन्न सरकारी विभागों और फेरी व्यवसायियों के बीच एक संयुक्त बैठक का भी आयोजन किया गया। इस बैठक में व्यवसायियों की समस्याओं को सुना गया और मौके पर मौजूद बैंक व विभागीय प्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ लेने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के उपाय बताए।

मेले में माननीय सभासद श्री दिनेश कुमार, श्री दिलदार अली, श्री शैलेंद्र सिंह, श्री चर्चित शर्मा, श्री विनोद बिष्ट, श्री हेमंत टंडन सहित चंपावत नगर पालिका परिषद के सिटी मिशन मैनेजर श्री महेश चौहान, श्री सुमित आर्य, श्री ललित मोहन, कंचन बोहरा, कोमल तथा समस्त संबंधित विभागों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

  Jaya punetha editor in chief ।