चम्पावत ,
*वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश*
*वन भूमि हस्तांतरण के मामलों में तेजी लाएं अधिकारी: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार*
जनपद में जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को बिना किसी बाधा के समय पर पूरा करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण के लंबित मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गयी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में प्रशासनिक जटिलताओं या आपसी समन्वय की कमी के कारण विकास कार्यों की रफ्तार धीमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार, शासन, नोडल कार्यालय या वन विभाग के स्तर पर अटके प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आपत्तियों का तुरंत निवारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिवेश पोर्टल पर दर्ज सभी लंबित ऑनलाइन औपचारिकताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चंपावत वन प्रभाग के 30, तराई पूर्वी वन प्रभाग के 5 और हल्द्वानी वन प्रभाग के 6 महत्वपूर्ण प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सड़क और पेयजल आदि योजनाओं के प्रस्तावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि जनता को उनका लाभ जल्द मिल सके। इसके साथ ही वन एवं पर्यावरण नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए इन प्रकरणों की मॉनिटरिंग नियमित रूप से करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार समेत विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief.




