चंपावत 10 जून 2026
*सड़क सुरक्षा और जनसुरक्षा के लिए एआरटीओ टनकपुर की कार्रवाई*
*संयुक्त अभियान से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसा जा रहा शिकंजा*
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात अनुशासन स्थापित करने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर एआरटीओ टनकपुर द्वारा प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में 50 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी प्राप्ति के लिए परिवहन विभाग निरंतर अपनी गतिविधियों को सुदृढ़ कर रहा है। यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
परिवहन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, माह मई 2025-26 में कुल 1746 वाहनों की चेकिंग की गई थी, जो वर्तमान सत्र के माह जून 2026-27 में भारी बढ़ोतरी के साथ 3171 वाहन हो गई।
इसी प्रकार नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किये गये वाहनों की संख्या में भी बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। माह मई 2025 में जहां 582 वाहनों के चालान किए गए थे, वहीं *माह जून 2026 में यह संख्या बढ़कर 1057 तक पहुंच गई।*
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जा रही है।
इस विशेष अभियान के दौरान मुख्य अभियोगों के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।
कुल चालानों में से सबसे अधिक 149 चालान बिना कर वाहन संचालन पर किए गए, जबकि यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के मामले में 100 चालान काटे गए।
इसके अतिरिक्त निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन यानी ओवरस्पीडिंग पर 35,
बिना परमिट वाहन संचालन पर 31 और बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र के 31 वाहनों पर कार्रवाई हुई।
वहीं बिना फिटनेस वाहन संचालन पर 20, भार वाहनों में यात्रियों का परिवहन करने पर 21 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर भी 21 चालान किए गए। इसके साथ ही निजी वाहनों का व्यावसायिक प्रयोग करने के 3 और नशे की हालत में वाहन संचालन करने के 2 मामलों में भी सख्त कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन की इस मुहिम को मजबूत करने के लिए एआरएम टनकपुर, एआरएम लोहाघाट तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त चेकिंग अभियान भी संचालित किए गए।
इस पूरा अभियान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) टनकपुर मनोज बगोरिया के नेतृत्व में हुआ।
एआरटीओ टनकपुर ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित एवं सघन प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे भी इसी तरह कठोर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस कार्रवाई में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी, परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद और परिवहन आरक्षी सोनिया नेगी, महेंद्र पाल, निशा जोशी, नीरज कुमार, किशन कुमार आर्य एवं फ़क़ीर कुमार द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई।
Jaya punetha editor in chief ।




