ऋषेश्वर पार्क में गूंजा योग का संदेश ।

Spread the love

ऋषेश्वर पार्क में गूंजा योग का संदे

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम में 85 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास।

लोहाघाट। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ऋषेश्वर पार्क, लोहाघाट में योग पार्क कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्राकृतिक वातावरण और छायादार वृक्षों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट की प्रतिनिधि एवं ऋषेश्वर वार्ड की सभासद दीपा गोस्वामी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। योग सत्र का संचालन योग अनुदेशक श्री विजय देउपा द्वारा किया गया, जबकि सोनिया आर्या एवं कविता बोहरा ने विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक स्थलों पर योगाभ्यास के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चम्पावत डॉ. प्रकाश सिंह, जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय आयुष मिशन डॉ. सुधाकर गंगवार, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. उमेश भारती, योग पार्क नोडल अधिकारी डॉ. धीरज रावत सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 85 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन” का संदेश दिया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Jaya punetha editor in chief ।