चम्पावत में 312 उपप्रधान पदों के चुनाव का ऐलान, 15 जुलाई को नामांकन से लेकर मतगणना तक पूरी होगी प्रक्रिया।

चम्पावत में 312 उपप्रधान पदों के चुनाव का ऐलान, 15 जुलाई को नामांकन से लेकर मतगणना तक पूरी होगी प्रक्रिया।

चम्पावत। राज्य निर्वाचन आयोग, देहरादून के निर्देशों के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मनीष कुमार ने चम्पावत जनपद की ग्राम पंचायतों में रिक्त उपप्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही चुनाव कार्यक्रम और विस्तृत समय-सारणी भी घोषित कर दी गई है।

जिले के चारों विकासखंड—चम्पावत, पाटी, लोहाघाट और बाराकोट में कुल 312 उपप्रधान पदों पर चुनाव कराए जाएंगे। इनमें चम्पावत में 113, पाटी में 84, लोहाघाट में 67 तथा बाराकोट में 48 रिक्त पद शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। वहीं 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में भी नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है, जबकि 12:30 बजे से 1 बजे तक चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और कार्य पूर्ण होने तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा—संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नामित निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न होंगी।

जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा इसकी सूचना ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत और तहसील कार्यालयों के सूचना पट्टों पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। साथ ही पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement