“तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” रेगरू विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के साथ विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस से पूर्व सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित हुआ जन-जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण ने दिया मजबूत संदेश।
लोहाघाट। आगामी विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई 2026) के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रेगरू में तंबाकू नियंत्रण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार ममता मिश्रा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने COTPA Act 2003 के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी अवगत कराते हुए विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू निषेध नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को समय रहते तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने तंबाकू निषेध विषय पर आकर्षक चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आयुषी ने प्रथम, प्रियांशु मेहता ने द्वितीय तथा मानवी मेहता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री धन सिंह बोरा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से तंबाकू सेवन न करने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों को सहभागिता एवं उत्साहवर्धन हेतु जलपान वितरित किया गया। NTCP सोशल वर्कर नेहा पांगती ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नई पीढ़ी को तंबाकू के खतरे से बचाने और स्वस्थ समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




