स्वच्छता ही सेवा-2025 पखवाड़ा : नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयों में व्यापक स्वछताअभियान*।

Spread the love

चंपावत, 17 सितम्बर 2025

*स्वच्छता ही सेवा-2025 पखवाड़ा : नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयों में व्यापक स्वछताअभियान*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में स्वच्छता ही सेवा-2025 पखवाड़ा के अंतर्गत आज जनपद चंपावत के विभिन्न नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।

यह पखवाड़ा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक जनपद में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर पालिका परिषद, चंपावत की अध्यक्षा श्रीमती प्रेमा पांडे एवं सभासदों द्वारा नगर में सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत खड़कना पुल क्षेत्र में वृहत सफाई कार्य किया गया, जिसमें कचरा हटाने के साथ-साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई भी की गई।

लोहाघाट नगर पालिका परिषद द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष श्री गोविंद वर्मा के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर नगर क्षेत्र में झाड़ियों की कटान, नालियों की सफाई एवं कचरा निस्तारण कर स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्रदान किया गया।

इसी क्रम में नगर पंचायत बनबसा में अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी एवं माननीय सभासदगण द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाई गई। अभियान के तहत मिनी स्टेडियम की सफाई भी की गयी। कार्यक्रम में सफाई कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और नगर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विकासखंडों सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। ग्रामीणों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक भवनों एवं जल स्रोतों की सफाई की तथा “ग्राम-ग्राम स्वच्छता, जन-जन की जिम्मेदारी” का संदेश दिया।

विशेष रूप से, जनपद के विद्यालयों में जागरूकता अभियान आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के महत्व से अवगत कराया गया।

जनपद चंपावत में चलाए गए इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना है, ताकि “स्वच्छ चंपावत – स्वस्थ चंपावत” की परिकल्पना को साकार किया जा सके।

Jaya punetha editor in chief ।

Jaya Punetha

Editor in Cheif (प्रधान संपादक)