*लोहाघाट (चंपावत) में ₹2.83 करोड़ की लागत से अम्बेडकर भवन निर्माण को मिली स्वीकृति* ।

Spread the love

*लोहाघाट (चंपावत) में ₹2.83 करोड़ की लागत से अम्बेडकर भवन निर्माण को मिली स्वीकृति*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत की गई मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में जनपद चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र स्थित गोरखा नगर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के निर्माण कार्य को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस जनकल्याणकारी निर्माण कार्य हेतु वित्तीय वर्ष 2025–26 में कुल ₹283.83 लाख (दो करोड़ तिरासी लाख तिरासी हजार रुपये मात्र) की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य का क्रियान्वयन उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड द्वारा किया जाएगा।

योजना के प्रथम चरण में कुल स्वीकृत लागत का 40 प्रतिशत, अर्थात ₹113.53 लाख (एक करोड़ तेरह लाख तिरपन हजार रुपये मात्र) की प्रथम किश्त निर्गत कर दी गई है, जिससे कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।

अम्बेडकर भवन के निर्माण से क्षेत्रीय नागरिकों को सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु एक सुसज्जित मंच उपलब्ध होगा। यह भवन सामाजिक कार्यक्रमों एवं बैठकों के आयोजन में सहायक होगा तथा अनुसूचित वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों, योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने का केंद्र बनेगा। साथ ही यह युवाओं एवं छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य करते हुए सामाजिक समरसता एवं जागरूकता को बढ़ावा देगा। यह भवन डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों एवं मूल्यों के प्रसार के साथ सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

इसी क्रम में माननीय मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल जी द्वारा आज गोरखा नगर में प्रस्तावित अम्बेडकर भवन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद किया गया। इस अवसर पर भवन से संबंधित कुछ स्थानीय आवश्यकताओं एवं संशोधनों के संबंध में जिलाधिकारी महोदय से वार्ता भी की गई।

नोडल अधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप जनपद में विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किए जा रहे हैं तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बिंदुओं पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा इस जनकल्याणकारी योजना हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया गया।

Jaya punetha editor in chief ।