चम्पावत 28 मई, 2026
*पेयजल संकट से राहत हेतु जनपद में तेज हुए हैंडपंप स्थापना कार्य: दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही पेयजल सुविधा*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में पेयजल समस्या से राहत प्रदान करने हेतु प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न स्थानों पर हैंडपंप स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत हैंडपंपों का कार्य तेजी से प्रारम्भ करा दिया गया है, जिससे आमजन को पेयजल उपलब्ध होने लगा है तथा दूरस्थ एवं जल संकटग्रस्त क्षेत्रों में लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया जा रहा है।
वर्तमान में नागनाथ, रीठा साहिब, बाराकोट टैक्सी स्टैंड, लामाई खेतीखान, श्री पूर्णागिरि, बनबसा, सुंदरका, चैनुड़ा, पाटन-पटनी, सोलर, डंगांव, थांटा, नासखोला, डूंगरा, सेट्टी चौड़ा तथा सेट्टी आदि क्षेत्रों में हैंडपंप स्थापित किए जा चुके हैं अथवा स्थापना कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त जल संस्थान द्वारा अन्य स्वीकृत स्थानों पर भी हैंडपंप स्थापना का कार्य गतिमान है।
जिन क्षेत्रों में पेयजल की अत्यधिक समस्या बनी हुई है, वहां त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर बोरिंग के दौरान पर्याप्त जल उपलब्ध न होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकर एवं पिकअप वाहनों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
डूंगरा लेटी एवं कमलेड़ी क्षेत्रों में जल संस्थान द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद बोरिंग ड्राई रही, जिसके दृष्टिगत अब वैकल्पिक पेयजल स्रोतों एवं अन्य तकनीकी विकल्पों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी पेयजल स्रोतों की नियमित सफाई, संरक्षण एवं पेयजल आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने हेतु संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। साथ ही पूर्व में क्षतिग्रस्त विभागीय पेयजल योजनाओं, जिन्हें अस्थायी रूप से संचालित किया गया था, उन्हें अब स्थायी रूप से सुचारु किए जाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
Jaya punetha editor in chief ।




