*राष्ट्रीय राजमार्ग-09 बाघधारा सड़क दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जाँच के आदेश*।

Spread the love

चम्पावत 05 दिसंबर, 2025

*राष्ट्रीय राजमार्ग-09 बाघधारा सड़क दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जाँच के आदेश*

गुरुवार देर रात करीब राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर घाट से चम्पावत की ओर बाघधारा के पास एक बुलेरो वाहन (पंजीकरण संख्या UK-04-TB-2074) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक सहित कुल 10 व्यक्ति सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ विभाग ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुँचाया गया।

घटना में 05 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 05 घायल व्यक्तियों का उपचार उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में जारी है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही, मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक और हरसम्भव चिकित्सा सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी ने उप जिलाधिकारी लोहाघाट को दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जाँच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मृतकों के आश्रित परिवारों को राहत राशि प्रदान की जा चुकी है।

जिला प्रशासन समस्त नागरिकों से अनुरोध करता है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें।

Jaya punetha editor in chief ।