चंपावत 19 जून 2026
*माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर गांवों में जनसंवाद; किसानों को स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ने की अपील*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर-चंपावत द्वारा संचालित “कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनसंवाद स्थापित किया जा रहा है तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में नोडल अधिकारी मा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय श्री केदार सिंह बृजवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ गणेश सिंह खाती द्वारा ग्रामीण मंडल चंपावत के अंतर्गत विभिन्न ग्राम क्षेत्रों—भगाना भंडारी, खलकडिया, गडकोट एवं खेतरनरियाल आदि में पहुंचकर ग्रामीणों, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों से संवाद किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ खाती द्वारा ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
उन्होंने कृषकों को कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा किसानों एवं ग्रामीणों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण योजना, उद्यान विभाग की फलोत्पादन एवं सब्जी उत्पादन योजनाएं, पशुपालन एवं डेयरी विकास योजनाएं, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाएं तथा ग्रामीण आजीविका मिशन प्रमुख हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ उठाएं।
ग्रामीणों द्वारा कृषि कार्यों को सुरक्षित एवं बेहतर बनाने के लिए तारबाड़ (घेराबंदी) की मांग रखी गई। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित ग्राम क्षेत्रों के लिए लगभग 950 मीटर लंबी तारबाड़ स्वीकृत की गई है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए अन्य विकास संबंधी प्रस्तावों पर भी शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर सोलर लाइट उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी की जाएगी।
ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से भी अवगत कराया गया, जिस पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही हेतु समस्या को संज्ञान में लिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को विकास पुस्तिका एवं कैलेंडर भी उपलब्ध कराए गए, जिसके माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।
ग्रामीणों ने जनपद चंपावत में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी एवं समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
“कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम जनसमस्याओं के समाधान एवं सरकार-जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है।
इस दौरान संबंधित अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief of ।




