चंपावत 09 जून 2026
*”अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: श्यामलाताल के प्राकृतिक वातावरण में 105 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प”*
आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा जिला प्रशासन, चम्पावत के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, चम्पावत के तत्वावधान में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत “विशेष समूह के साथ योगाभ्यास” कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद आश्रम श्यामलाताल में अत्यंत गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी जननांस्थानंद (प्रबंधक, श्यामलाताल) द्वारा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस विशेष सत्र का संचालन योग गुरू डॉ. नवनीत जोशी द्वारा किया गया, जबकि बनबसा के फार्मेसी अधिकारी श्री दीपक सिंह ने विभिन्न योगासनों का मंच पर सजीव और सटीक प्रदर्शन किया।
इस आयोजन का उद्देश्य आमजनमानस को प्राकृतिक एवं हरित वातावरण में योगाभ्यास कराते हुए योग तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। साथ ही लोगों को योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों के प्रति सचेत करते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित करना और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।
पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. हर्ष सिंह पोखरिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय ग्राम प्रधान, नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार, सह नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कश्यप सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 105 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
Jaya punetha editor in chief ।




